‘सेवा की कहानी’ से सामने आएंगी बदलाव की गाथाएं, ‘सेवा मेरा योगदान’ से जुड़ेंगे लोग
रायपुर, सेवा और सुशासन के 25 वर्षों की यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए शुरू किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ को जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी है। अभियान को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वर्चुअल बैठक में मंत्री दयालदास बघेल, राजेश अग्रवाल सहित अभियान से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ चर्चा की।
बैठक में ‘सेवा की कहानी’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम को केंद्र में रखते हुए आने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार किया गया। ‘सेवा की कहानी’ के तहत जनसेवा और कल्याणकारी कार्यों से जुड़े ऐसे अनुभव सामने लाने की योजना है, जिनसे समाज में सकारात्मक बदलाव आया है।
वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के जरिए आम नागरिकों को सेवा कार्यों में अपनी भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। बैठक में अभियान को सिर्फ कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय इसे व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया गया।
वित्त मंत्री ने कहा कि सेवा और समर्पण की भावना को लोगों की भागीदारी से मजबूत करते हुए विकसित भारत-2047 के संकल्प को आगे बढ़ाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से लागू करने पर चर्चा हुई।