मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से बुजुर्ग की पेंशन समस्या का हुआ समाधान, बेटे की पहल पर मिला लंबित भुगतान
रायपुर,छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। बलरामपुर जिले के ग्राम जरहाडीह निवासी धुरन प्रजापति की लंबित सामाजिक सहायता पेंशन की समस्या भी हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के बाद दूर हो गई। उनके बेटे अंकज कुमार प्रजापति ने पिता की परेशानी को शासन तक पहुंचाने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत पर संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई की गई, जिसके बाद धुरन प्रजापति को उनकी बकाया पेंशन राशि प्राप्त हो गई। इससे बुजुर्ग और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धुरन प्रजापति और उनके परिवार को ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से शुभकामना संदेश भेजा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों के लिए पेंशन की राशि रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहारा होती है। लंबित राशि मिलने से उन्हें राहत मिली है।
मुख्यमंत्री ने पिता की समस्या के समाधान के लिए पहल करने पर अंकज कुमार प्रजापति की सराहना की। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों का एक-दूसरे की जरूरतों का ध्यान रखना और मुश्किल समय में साथ देना ही परिवार की असली ताकत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 इसी दिशा में आम लोगों को अपनी शिकायत शासन तक पहुंचाने का अवसर प्रदान कर रही है।