बलरामपुर के रोहित गुप्ता ने घर की छत पर लगाया 3 किलोवाट का सोलर प्लांट, बिजली खर्च में हो रही बचत
रायपुर, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बलरामपुर के वार्ड क्रमांक 15 निवासी रोहित गुप्ता ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कराया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लगाए गए इस सोलर प्लांट से उनके परिवार को बिजली की जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है और बिजली खर्च में भी बचत हो रही है।
रोहित गुप्ता की इस पहल की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सराहना की है। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से रोहित गुप्ता और उनके परिवार को शुभकामना संदेश भेजा।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि घर की जरूरतों और खर्चों को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला जब आर्थिक राहत देने लगे, तो उसका संतोष अलग होता है। बिजली खर्च में होने वाली बचत से परिवार अपनी अन्य जरूरतों पर भी ध्यान दे सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुई प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इससे परिवार अपनी बिजली की जरूरतें पूरी करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहे हैं।
रोहित गुप्ता का यह कदम आसपास के लोगों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है। उनके घर पर लगा सोलर प्लांट बिजली की बचत के साथ यह संदेश दे रहा है कि स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की शुरुआत अपने घर से की जा सकती है।