सियानगुड़ी में बुजुर्गों का सम्मान, मंत्री राजेश अग्रवाल ने शॉल-श्रीफल भेंट कर लिया आशीर्वाद
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य और नेत्र जांच शिविर भी लगा, बुजुर्गों ने गीत-संगीत का उठाया आनंद
रायपुर, अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर सेवा संकल्प अभियान के तहत अंबिकापुर के सियानगुड़ी में बुजुर्गों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम में वृद्धजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान बुजुर्गों के स्वास्थ्य और आंखों की जांच के लिए विशेष शिविर भी लगाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। जीवन के लंबे अनुभव से मिला उनका ज्ञान और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि परिवार में बुजुर्गों की मौजूदगी संस्कारों और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ परिवार को भावनात्मक मजबूती भी देती है।
बुजुर्गों की सेवा और सम्मान समाज की जिम्मेदारी
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। उनकी गरिमा बनाए रखना केवल परिवार की नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने नई पीढ़ी से बुजुर्गों के साथ समय बिताने, उनकी जरूरतों को समझने और उनके अनुभवों से सीखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना जरूरी है। वृद्धावस्था में सम्मान, सुरक्षा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में समाज के हर वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
गीत-संगीत से बुजुर्गों के चेहरे पर दिखी खुशी
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों का उत्साह देखने को मिला। गीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। उपस्थित बुजुर्गों और अन्य लोगों ने इन प्रस्तुतियों का आनंद लिया। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक व्ही.के. उके ने विभाग की ओर से वृद्धजनों के लिए संचालित योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी।
स्वास्थ्य और आंखों की जांच भी हुई
वृद्धजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर लगाया गया। चिकित्सकीय दल ने बुजुर्गों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक व्ही.के. उके सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।