2 एकड़ में फूलगोभी की खेती से प्रमोद सिंह ने कमाया 1.50 लाख रुपए का लाभ
उद्यानिकी विभाग की सलाह और आधुनिक तकनीक से खेती को बनाया कमाई का जरिया
रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के किसान अब पारंपरिक फसलों के साथ उद्यानिकी को भी आमदनी बढ़ाने के विकल्प के तौर पर अपना रहे हैं। ग्राम पंचायत देवरगांव, विकासखंड गौरेला के किसान प्रमोद सिंह ने करीब 2 एकड़ में फूलगोभी की व्यावसायिक खेती कर लगभग 1.50 लाख रुपए का लाभ कमाया है।
प्रमोद सिंह पहले से ही उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से जुड़े रहे हैं। विभाग की ओर से उन्हें फसल प्रबंधन, आधुनिक तकनीक और उद्यानिकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी के साथ समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन मिलता रहा। इसी सलाह को अपनाते हुए उन्होंने फूलगोभी की खेती शुरू की और बेहतर उत्पादन हासिल किया।
फसल की समय पर देखभाल, जरूरी कृषि कार्य और वैज्ञानिक तकनीकों के इस्तेमाल से फूलगोभी की अच्छी पैदावार हुई। बाजार में उपज बेचने के बाद उन्हें अब तक करीब 1.50 लाख रुपए का लाभ मिला है। खेती से हुई इस कमाई ने प्रमोद सिंह का उत्साह बढ़ाया है और वे आने वाले समय में उद्यानिकी गतिविधियों को और विस्तार देने की तैयारी कर रहे हैं।
आधुनिक खेती से बढ़ी कमाई की उम्मीद
प्रमोद सिंह की सफलता से यह सामने आता है कि सही फसल का चुनाव, आधुनिक कृषि तकनीक और बेहतर प्रबंधन अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन के साथ किसान की मेहनत ने फूलगोभी की खेती को उनके लिए कमाई का अच्छा जरिया बनाया है।
उनकी पहल आसपास के दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है। अब क्षेत्र में किसान पारंपरिक खेती के साथ सब्जियों और अन्य उद्यानिकी फसलों की व्यावसायिक खेती को लेकर भी रुचि दिखा रहे हैं।