अबूझमाड़ के गांवों तक पहुंचीं सरकारी सेवाएं, कुतुल शिविर में बने 27 नए आधार कार्ड
नारायणपुर, अबूझमाड़ जैसे दुर्गम इलाके में सरकारी सेवाओं को ग्रामीणों के करीब पहुंचाने के लिए नारायणपुर जिला प्रशासन की पहल जारी है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा सेतु’ शिविरों के जरिए ग्रामीणों को गांव में ही जरूरी दस्तावेज और शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसी कड़ी में 25 सितंबर को ग्राम पंचायत कुतुल में शिविर लगाया गया। दूरस्थ क्षेत्र होने के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण यहां पहुंचे और आधार कार्ड तथा जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी सुविधाओं का लाभ लिया।
शिविर में 27 लोगों के नए आधार कार्ड बनाए गए, जबकि 15 आधार कार्ड में जरूरी अपडेट किए गए। इसके अलावा 112 ग्रामीणों को तैयार आधार कार्ड वितरित किए गए। शिविर में 155 नवजात और बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र भी जारी किए गए।
अबूझमाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ग्रामीणों के लिए जिला या ब्लॉक स्तर के सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना आसान नहीं होता। ऐसे में गांव में ही दस्तावेज संबंधी सेवाएं मिलने से लोगों को लंबी दूरी तय करने, आने-जाने का खर्च उठाने और समय गंवाने से राहत मिली है।
प्रशासन की ओर से इन शिविरों के जरिए सिर्फ दस्तावेज बनाने तक ही सेवाएं सीमित नहीं रखी जा रही हैं, बल्कि ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों और ग्रामीणों की सीधी बातचीत से जरूरतों को समझने और सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिल रही है।
जिला प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में अबूझमाड़ के अन्य दूरस्थ गांवों तक भी ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरी सरकारी सेवाएं पहुंचाने का सिलसिला जारी रहेगा।