विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश, मुख्य सचिव ने की समीक्षा
सड़क, पुल और फ्लाईओवर परियोजनाओं की प्रगति पर मंथन, आगामी बजट की तैयारियां समय से करने के निर्देश
रायपुर, छत्तीसगढ़ में प्रमुख निर्माण एवं विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्रालय महानदी भवन में उनकी अध्यक्षता में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें राज्य में चल रहे और प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि निर्माण परियोजनाओं की लागत का आकलन पूरी पारदर्शिता और स्पष्टता के साथ किया जाए। इसके लिए लागत का तुलनात्मक विश्लेषण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं पर होने वाले वास्तविक खर्च का सही अनुमान लगाया जा सके।
उन्होंने आगामी बजट में शामिल किए जाने वाले महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की समय रहते पहचान करने और उनकी प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियां पहले से पूरी करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की योजना बनाने से लेकर उनके क्रियान्वयन तक सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।
बैठक में कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर-कांकेर-पंखाजूर मार्ग पर पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण, बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और बिलासपुर में फ्लाईओवर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर चर्चा हुई। इसके अलावा नगरी-कांकेर-भानुप्रतापपुर-मानपुर-राजनांदगांव-कवर्धा-फास्टरपुर कुंडा मार्ग तथा कुम्हारी-अहिवारा-धमधा-गंडई-साल्हेवारा मार्ग के उन्नयन और चौड़ीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश कुमार टोप्पो, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भुवनेश यादव, ऊर्जा सचिव सारांश मित्तर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।