मंजूरी प्राप्त निविदा वाले कार्यों के कार्यादेश जल्द जारी करने के निर्देश
रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की निविदाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को जल्द जारी किए जाएं, ताकि निर्माण कार्यों को समय पर शुरू किया जा सके।
मंत्रालय में आयोजित बैठक में बस्तर संभाग में आरआरपी और आरसीपीएलडब्ल्यूईए के तहत निर्माणाधीन सड़कों और पुलों की प्रगति की समीक्षा की गई। सचिव ने निर्माण कार्यों के साथ उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों से बेहतर समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबे समय से काम में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई और उनका पंजीयन निरस्त करने को कहा।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चिन्हित ब्लैक-स्पॉट्स को दूर करने के कार्यों की भी समीक्षा हुई। सचिव ने आरटीओ और पुलिस अधीक्षक कार्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर इन स्थानों पर आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीआईआरएफ और नाबार्ड की सहायता से संचालित परियोजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया।
लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय निर्माण भवन में विद्युत एवं यांत्रिकी कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री और उपकरणों के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही भवनों, उपकरणों और विभागीय परिसंपत्तियों के रखरखाव में मितव्ययता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 तक के सभी लंबित बिलों का भुगतान दिसंबर तक सुनिश्चित करने और लंबित भुगतानों की जानकारी एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा।
सचिव ने सभी परिक्षेत्रों, राष्ट्रीय राजमार्ग, विद्युत एवं यांत्रिकी और सेतु निर्माण से जुड़े मुख्य अभियंताओं की बैठक लेकर भवनों, सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने भू-अर्जन, वन व्यपवर्तन और मुआवजा संबंधी लंबित प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की। साथ ही जून 2027 से पहले मरम्मत किए जा सकने वाले सड़कों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को ठेकेदारों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। फील्ड स्तर पर कामकाज की निगरानी के लिए अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन दौरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्य अभियंताओं को अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।