यूपी में बारिश से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने के निर्देश, किसानों को मिलेगा मुआवजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दिए निर्देश, फसल नुकसान, पशुहानि और मकान गिरने की घटनाओं में पीड़ितों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने को कहा
लखनऊ, उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को हुई बारिश से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश और अतिवृष्टि से जिन लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ है, जिनके पशुओं की हानि हुई है या जिनके मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें नियमानुसार जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराया जाए और किसानों को यथाशीघ्र मुआवजा दिया जाए। सरकार हर विपरीत परिस्थिति में अन्नदाताओं के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बेघर परिवारों को राहत केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बारिश के कारण जिन लोगों के मकान गिर गए हैं या रहने की व्यवस्था प्रभावित हुई है, उन्हें तत्काल राहत केंद्रों और शरणालयों में पहुंचाया जाए। प्रभावित परिवारों को भोजन, सुरक्षा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
फील्ड में रहकर राहत कार्यों की निगरानी करें अधिकारी
योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं फील्ड में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी जरूरतों को समझने और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील भी की है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि अनावश्यक रूप से बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें। साथ ही लोगों को जर्जर मकानों, पेड़ों, टीन शेड और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।