जननायक मोहन बैगा के नाम पर हुआ चौक का नामकरण, जन्मोत्सव में शामिल हुए मंत्री राजेश अग्रवाल
सरगुजा जिले के उदयपुर स्थित बैगापारा में 1857 के वीर जननायक मोहन बैगा के सम्मान में उनके नाम पर चौक का नामकरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने जननायक मोहन बैगा के संघर्ष, वीरता और जनजातीय समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जननायक मोहन बैगा का क्षेत्र के इतिहास में विशेष स्थान रहा है। वे वर्ष 1857 में ब्रिटिश सरकार की हड़प नीति के प्रबल विरोधी थे। उन्हें उदयपुर डीह के संस्थापक और उदयपुर व रामगढ़ के प्रथम बैगा भूमका पुजारी के रूप में भी जाना जाता है। उनका जीवन जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अस्मिता और परंपराओं की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष का प्रतीक रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वीरता, त्याग और संघर्ष की गौरवशाली गाथाओं से भरा हुआ है। जननायक मोहन बैगा का जीवन और उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नाम पर चौक का नामकरण करना उनके ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ने का प्रयास है।
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराएं और ऐतिहासिक विरासत प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इन परंपराओं और महापुरुषों के योगदान को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। ऐसे आयोजनों से समाज में अपनी सांस्कृतिक विरासत और इतिहास के प्रति गौरव की भावना मजबूत होती है।
जननायक मोहन बैगा के नाम पर चौक का नामकरण क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को नई प्रतिष्ठा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उनका संघर्षपूर्ण जीवन और जनजातीय समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।