छत्तीसगढ़ में खरीफ बोनी 99 फीसदी पूरी, किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन खाद वितरित
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की बोनी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 22 सितंबर तक प्रदेश में 48.44 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का करीब 99 प्रतिशत है। राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन में कुल 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा है।
कृषि विभाग के मुताबिक धान के साथ मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल जैसी फसलों की बोनी लगभग पूरी हो चुकी है। मानसून के साथ शुरू हुआ खेती-किसानी का शुरुआती दौर अब अंतिम चरण में है।
किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.58 लाख क्विंटल बीज मिला
प्रदेश में किसानों को खाद और प्रमाणित बीज की उपलब्धता बनाए रखने के लिए इस खरीफ सीजन में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्रों में 17.64 लाख मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया गया है। अब तक किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 74 प्रतिशत है।
इसी तरह बीज निगम ने खरीफ सीजन के लिए 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है। इसके मुकाबले 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है और अब तक 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज किसानों को दिया जा चुका है। यह निर्धारित मांग का करीब 93 प्रतिशत है।
सीएम ने खाद-बीज की उपलब्धता पर निगरानी के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोसायटियों में पर्याप्त स्टॉक रखने और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा है। खाद-बीज वितरण में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
अब तक 1008.1 मिमी बारिश, पिछले साल से ज्यादा
प्रदेश में 22 सितंबर सुबह तक 1008.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है। पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 1061.6 मिमी के मुकाबले इस बार 53.5 मिमी कम बारिश हुई है। हालांकि पिछले साल इसी अवधि में 881.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
खरीफ सीजन में किसानों को 8125.51 करोड़ का कृषि ऋण
खेती-किसानी के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए अल्पकालीन कृषि ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। 21 सितंबर तक किसानों को 8125.51 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले साल इसी अवधि में यह राशि 6740.75 करोड़ रुपये थी। चालू खरीफ सीजन में किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण देने का लक्ष्य रखा गया है।