कवर्धा में महर्षि कश्यप चौक का लोकार्पण, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया प्रतिमा का अनावरण
रायपुर, उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर के हटरी पारा में 9 लाख 75 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित महर्षि कश्यप चौक का लोकार्पण किया और महर्षि कश्यप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर महर्षि कश्यप का स्मरण किया। कार्यक्रम में कसौधन गुप्ता समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मरण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र होती हैं। युवाओं को महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और आदर्शों से सीख लेकर उनके मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप चौक का निर्माण समाज की आस्था, श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कवर्धा में जारी विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि शहर में हनुमंत वाटिका को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका का निर्माण किया जाएगा। बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार एवं भव्य निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। वहीं विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश व्यवस्था और विशाल हॉल का निर्माण कराया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि भोरमदेव मंदिर परिसर में भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 146 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं और निर्माण कार्य जारी है। इसके साथ ही बिलासपुर और रायपुर मार्ग पर लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू हो चुका है। नए बस स्टैंड तक बेहतर आवागमन के लिए ठाकुरदेव चौक से घोटिया रोड तक लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाई गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी ने महर्षि कश्यप की प्रतिमा के अनावरण को समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय बताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, देवेंद्र गुप्ता, प्रभात गुप्ता, आत्मानंद गुप्ता, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।