हिंदी दिवस पर ओपी चौधरी ने दी शुभकामनाएं, बोले- भारतीय भाषाओं का सम्मान हमारी ताकत
रायपुर, हिंदी दिवस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हिंदी को भारतीय संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण भाषा बताया।
उन्होंने कहा कि भारत की अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों के बीच संवाद कायम करने में हिंदी की बड़ी भूमिका रही है। हिंदी साहित्य ने समाज को नई सोच और संवेदनशीलता देने के साथ आजादी की लड़ाई और राष्ट्र निर्माण के दौरान भी लोगों को जागरूक करने का काम किया।
ओपी चौधरी ने कहा कि बदलती तकनीक के साथ हिंदी का स्वरूप और पहुंच दोनों तेजी से बढ़ रहे हैं। इंटरनेट और सोशल मीडिया ने हिंदी को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने लोगों से हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ अपनी मातृभाषा और दूसरी भारतीय भाषाओं के प्रति भी सम्मान बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी भारतीय भाषाओं का संरक्षण और विकास देश की सांस्कृतिक विविधता और एकता को और मजबूत करेगा।