रायगढ़ में 981 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, तीर्थयात्रा से लौटे बुजुर्गों को ओपी चौधरी ने भेंट की रामचरितमानस पुस्तिका
श्री रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के लाभार्थियों का हुआ सम्मान, एक लाख रामचरितमानस पुस्तिकाएं बांटने का संकल्प
रायपुर, रायगढ़ में श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत तीर्थयात्रा कर लौटे 981 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने बुजुर्गों को श्रीरामचरितमानस की पुस्तिका, व्यास वेदी और शाल भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में ग्रामीण क्षेत्रों के 861 और शहरी क्षेत्रों के 120 वरिष्ठ नागरिक शामिल थे।
इस अवसर पर ओपी चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन संघर्ष, त्याग, सेवा, कर्तव्य और मर्यादा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध है। माता कौशल्या का संबंध छत्तीसगढ़ से होने के कारण प्रदेश में भगवान श्रीराम को भांचा राम के रूप में विशेष स्नेह और सम्मान दिया जाता है।
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना फिर शुरू की है। वहीं श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। इन योजनाओं से वरिष्ठ नागरिकों की वर्षों पुरानी धार्मिक यात्राओं की इच्छा पूरी हो रही है।
कार्यक्रम में ओपी चौधरी ने बताया कि अयोध्या धाम में दर्शन के दौरान उन्होंने प्रदेश में एक लाख श्रीरामचरितमानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने का संकल्प लिया था। इसी दिशा में अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि रामचरितमानस के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, जीवन मूल्यों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से वरिष्ठ नागरिकों का अयोध्या दर्शन का सपना पूरा हुआ है। राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी तीर्थ दर्शन योजनाओं को धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का माध्यम बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवींद्र गबेल ने वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार के प्रति आभार जताया।
अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच श्री रामलला दर्शन योजना के तहत रायगढ़ जिले के वरिष्ठ नागरिकों को छह चरणों में अयोध्या की यात्रा कराई गई। इसी अवधि में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत भी एक यात्रा आयोजित हुई। समारोह में तीर्थयात्रियों ने अपने अनुभव साझा किए और अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन को यादगार बताया। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ और सामूहिक हनुमान चालीसा से हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों की मौजूदगी रही।