पीएम आवास से बदली तस्वीर: पक्के घर ने बढ़ाया परिवारों का भरोसा
रायपुर, पक्का घर सिर्फ चार दीवारों का नाम नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा और बेहतर जीवन की बुनियाद भी है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने में मदद मिल रही है। कोरबा समेत नगरीय क्षेत्रों में कई परिवार कच्चे और असुरक्षित मकानों से निकलकर अब पक्के घर में सुकून से रह रहे हैं।
कोरबा के पोड़ीबहार निवासी आनंद राम लंबे समय तक कच्चे मकान में परिवार के साथ रहे। बारिश में छत से पानी टपकने और सीलन के साथ जहरीले जीव-जंतुओं का डर भी बना रहता था। पीएम आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद किश्तों में मिली सहायता से उन्होंने मकान का निर्माण कराया। अब पक्के घर में परिवार को मौसम की परेशानियों से राहत मिली है।
कोसाबाड़ी की ललिता रजक के लिए भी पक्का मकान लंबे समय से देखा गया सपना था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घर बनाना आसान नहीं था, लेकिन योजना से मिली मदद ने यह सपना पूरा करने में सहारा दिया। वहीं, काशीनगर की गुंजा साहू के परिवार को पीएम आवास (शहरी) 2.0 के तहत तीन किश्तों में करीब 2.50 लाख रुपये की सहायता मिली। बचत राशि जोड़कर उन्होंने अपना पक्का घर तैयार किया। पहले जहां बारिश और सांप-बिच्छुओं का डर रहता था, वहीं अब परिवार सुरक्षित माहौल में रह रहा है।
छुरीकला नगर पंचायत के सुनील कुमार तिवारी भी पहले मिट्टी से बने दो कमरों के मकान में पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। सीमित आय के कारण पक्का घर बनाना मुश्किल था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2.26 लाख रुपये की स्वीकृत लागत में केंद्र और राज्य की सहायता मिलने के बाद उनका मकान तैयार हो सका। सुनील के मुताबिक, पक्के घर ने परिवार को सुरक्षा के साथ भविष्य को लेकर नया भरोसा दिया है।
पथर्रीपारा के सनातन प्रसाद पाठक ठेका मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। कच्चे मकान में रहने के दौरान बारिश का मौसम उनके लिए परेशानी लेकर आता था। योजना का लाभ मिलने के बाद पक्का मकान तैयार हुआ तो परिवार को मौसम संबंधी दिक्कतों से राहत मिली। इसी क्षेत्र के धरम लाल ध्रुव के परिवार ने भी योजना की मदद से अपना पक्का घर बनाया। मजबूत छत और दीवारों वाले घर में अब परिवार पहले की तुलना में ज्यादा सुरक्षित महसूस करता है।
लाभार्थी परिवारों का कहना है कि आवास निर्माण के लिए मिली आर्थिक सहायता ने उनके वर्षों पुराने सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन परिवारों के लिए पक्का मकान अब सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षा, सुविधा और स्थायित्व का आधार बन गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के जरिए ऐसे परिवारों के जीवन में घर के साथ बेहतर भविष्य की उम्मीद भी जुड़ रही है।