नारायणपुर में सजी रंगोली, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ थीम पर दिखी युवाओं की रचनात्मकता
नारायणपुर, सेवा संकल्प अभियान के तहत नारायणपुर में जिला स्तरीय महाविद्यालयीन रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुई प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग कॉलेजों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ थीम पर छात्रों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण और स्थानीय परंपराओं को रंगोली में उकेरा।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के साथ शासकीय योजनाओं, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को रंगों के जरिए आकर्षक रूप दिया। रंगोली तैयार करने में स्थानीय और प्राकृतिक सामग्रियों के इस्तेमाल ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
प्रतिभागियों की कलाकृतियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, विषयवस्तु, प्रस्तुति, कलात्मकता और प्राकृतिक सामग्री के उपयोग जैसे मापदंडों के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता में शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय की बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सुनीता नुरेटी और उनकी साथी ने पहला स्थान हासिल किया।
दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से रामकृष्ण मिशन विवेकानंद महाविद्यालय, नारायणपुर के कपूरचंद और उनकी टीम तथा शासकीय नवीन महाविद्यालय छोटेडोंगर के प्रमोद कुमार नाग और उनकी टीम रही। वहीं तीसरे स्थान पर भूमिका सोरी और उनकी टीम तथा वीरांगना रामोतीन माड़िया शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय की वीना मातलाम और उनकी टीम ने जगह बनाई।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों की रंगोली का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति, प्रकृति और स्थानीय विरासत से जोड़ने के साथ उनमें रचनात्मक अभिव्यक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना रहा।