स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती परीक्षा 31 अक्टूबर से
रायपुर, छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, इस भर्ती परीक्षा में प्रदेश के 24 परीक्षा केंद्रों पर कुल 34,604 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं।
परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में 6-6 केंद्र, दुर्ग और भिलाई में 4-4 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा जांजगीर-चांपा जिले के चांपा में एक, सरगुजा में एक और बस्तर जिले के जगदलपुर में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रवेश पत्र के साथ उपलब्ध कराए गए हैं।
तीन पालियों में होगी परीक्षा
सीबीटी परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4:30 से 6:30 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। पहली पाली के लिए सुबह 7 बजे, दूसरी पाली के लिए सुबह 11 बजे और तीसरी पाली के लिए दोपहर 3 बजे प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
100 अंकों का होगा प्रश्नपत्र, गलत उत्तर पर निगेटिव मार्किंग
भर्ती परीक्षा में प्रत्येक प्रश्नपत्र में 100 प्रश्न होंगे और कुल अंक 100 निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर एक चौथाई अंक की कटौती की जाएगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तरों की मॉडल उत्तर कुंजी जारी की जाएगी।
प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र अनिवार्य
लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र लेकर आने के निर्देश दिए हैं। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र में उल्लेखित दिशा-निर्देशों का पालन करने और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। अभ्यर्थियों को समय का विशेष ध्यान रखना होगा, क्योंकि निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।