छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में 6812 शिक्षकों की भर्ती, तीन परीक्षाओं की तारीख घोषित
रायपुर, छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती की तैयारी तेज हो गई है। शासकीय विद्यालयों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में कुल 6,812 शिक्षकीय पद भरे जाएंगे। इनमें 5,000 नियमित पद और 1,812 संविदा पद शामिल हैं। नियमित भर्ती के लिए तीन प्रमुख परीक्षाओं की तारीख भी घोषित कर दी गई है।
5 हजार नियमित पदों पर होगी सीधी भर्ती
शासकीय स्कूलों में 5,000 पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होगी। इनमें सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। कुल पदों में ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद हैं।
सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर को
भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। सहायक शिक्षक की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर और व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित होगी। सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद के लिए परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं व्याख्याता पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है।
आत्मानंद स्कूलों में 1812 संविदा पद
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में भी 1,812 शैक्षणिक संविदा पदों पर भर्ती होगी। इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीयकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। भर्ती की अधिसूचना सितंबर में जारी करने की तैयारी है, जबकि ऑनलाइन आवेदन अक्टूबर से शुरू किए जाने की योजना है।
प्रतियोगी परीक्षा के जरिए होगी भर्ती
स्कूल शिक्षा विभाग के मुताबिक शासकीय और उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकीय पदों को प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से भरा जा रहा है। भर्ती पूरी होने के बाद स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ने से विद्यार्थियों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।