जशपुर में सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत का लिया संकल्प
रायपुर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत जशपुर के रणजीता स्टेडियम में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के लिए नागरिकों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।
सभा के बाद राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में रणजीता स्टेडियम से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, युवाओं और नागरिकों ने इसमें हिस्सा लिया। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रसेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका का संदेश दिया गया। यात्रा स्टेडियम से शुरू होकर जयस्तंभ चौक होते हुए संगम चौक तक पहुंची।
कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कृष्ण कुमार राय सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। यात्रा के दौरान विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों के साथ युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा और राष्ट्रसेवा की यात्रा के 25 वर्ष पूरे होना महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं होगा, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। युवाओं की ऊर्जा, कर्तव्यबोध और सामूहिक प्रयास विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे।
रणजीता स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण भी किया गया। प्रधानमंत्री ने अपनी 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए देशवासियों के विश्वास और आशीर्वाद को अपनी ताकत बताया। उन्होंने राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नागरिकों से कर्तव्य और निरंतर कर्म के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने युवा शक्ति और नागरिक सहभागिता को देश के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया की बढ़ती क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सामूहिक शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। कार्यक्रम में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के लिए जनभागीदारी, राष्ट्रसेवा और कर्तव्यबोध को मजबूत करने का संदेश दिया गया।