धमतरी के शशिकांत को मिली जीवन की नई उम्मीद
- एम्स रायपुर में भर्ती
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वीकृत किए 4 लाख रुपये
रायपुर , छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता का एक और अनुकरणीय उदाहरण सामने आया है। सोशल मीडिया के जरिए धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तत्परता दिखाते हुए शशिकांत को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रायपुर में भर्ती कराया है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू हो गया है। साथ ही, मुख्यमंत्री ने उनके उपचार के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।
दूरभाष पर की सीधी बातचीत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद शशिकांत से दूरभाष पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाया। त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई और मुख्यमंत्री के व्यक्तिगत हस्तक्षेप से अभिभूत शशिकांत ने हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में यह सहयोग उनके और उनके परिवार के लिए एक बहुत बड़ा संबल साबित हुआ है।
वर्ष 2016 के सड़क हादसे के बाद से प्रभावित था स्वास्थ्य
शशिकांत का स्वास्थ्य वर्ष 2016 में हुए एक सड़क हादसे के बाद से गंभीर रूप से प्रभावित हुआ था। दुर्घटना में उन्हें इतनी गंभीर चोटें आईं कि वे लगभग 50 दिनों तक कोमा में रहे। इस दौरान सर्वाइकल की गंभीर समस्या उत्पन्न होने से उनके हाथ-पांव की कार्यक्षमता प्रभावित हो गई। परिवार ने लंबे समय तक विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज कराया, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं आ पा रहा था। अब मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील पहल से शशिकांत और उनके परिजनों को बेहतर इलाज की नई आस बंध गई है।