सूर्य घर योजना से नारायणपुर के 327 परिवारों को राहत, हरीश ठाकुर का बिजली बिल आया शून्य
रायपुर, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना नारायणपुर जिले के परिवारों के लिए बिजली खर्च बचाने का माध्यम बन रही है। जिले में अब तक 327 से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे परिवारों को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है।
इस योजना का लाभ लेने वाले नारायणपुर शहर निवासी हरीश कुमार ठाकुर इसका उदाहरण हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगवाया है। इसके बाद उनके बिजली खर्च में कमी आई है। सितंबर माह में उनके घर का बिजली बिल शून्य आया। हरीश ठाकुर के अनुसार सोलर संयंत्र लगने से परिवार को आर्थिक राहत मिली है और घरेलू बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
जिले में सौर ऊर्जा के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा पात्र परिवारों को योजना की जानकारी देकर सोलर संयंत्र लगवाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब तक 327 से अधिक परिवार इस सुविधा से जुड़ चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की थी। इसका लक्ष्य देश के एक करोड़ परिवारों को रूफटॉप सोलर सुविधा से जोड़ना है। योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगाने पर निर्धारित नियमों के अनुसार केंद्रीय सब्सिडी दी जाती है। तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के पात्र संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सहायता का प्रावधान है।
सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली खर्च में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। नारायणपुर में योजना के बढ़ते दायरे से स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई संभावनाएं बन रही हैं। जिला प्रशासन ने पात्र बिजली उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाने और सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की है।