बिलासपुर में स्वनिधि महोत्सव: अरुण साव ने चखा गुपचुप, फरा और कुल्हड़ की चाय का स्वाद
स्ट्रीट वेंडर्स के स्टॉल्स का किया निरीक्षण, महिला कारोबारियों से ‘कुल्हड़ पर चौपाल’ में की बातचीत
बिलासपुर। पीएम स्वनिधि महोत्सव में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने पथ विक्रेताओं द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने छोटे कारोबारियों से उनके उत्पादों, निर्माण प्रक्रिया, बिक्री और आमदनी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ कुल्हड़ में चाय पीने के साथ गुपचुप और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन फरा का स्वाद भी लिया।
महोत्सव में लगे फूड और अन्य सामग्री के स्टॉल्स पर पहुंचकर अरुण साव ने कारोबारियों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने हितग्राहियों से पीएम स्वनिधि योजना से मिले आर्थिक सहयोग और कारोबार में हुए बदलावों के बारे में भी चर्चा की।
‘कुल्हड़ पर चौपाल’ में महिला पथ विक्रेताओं से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान आयोजित ‘कुल्हड़ पर चौपाल’ में उप मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना की महिला हितग्राहियों के साथ चाय पीते हुए बातचीत की। उन्होंने महिलाओं से उनके व्यवसाय, अनुभवों और योजना से मिले लाभों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान महिलाओं ने भी अपने कारोबार और आत्मनिर्भर बनने के अनुभव साझा किए।
कुल्हड़ में चाय पीने की इस पहल के जरिए स्थानीय परंपरा को बढ़ावा देने के साथ प्लास्टिक के विकल्प के रूप में मिट्टी के बर्तनों के उपयोग का संदेश भी दिया गया।