‘तुंहर टोकन’ से घर बैठे आसान हुई धान बिक्री, रामपुर केंद्र में 826 किसानों को मिल रहा लाभ
मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया धान खरीदी का शुभारंभ, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर और ऑनलाइन टोकन सुविधा से किसान संतुष्ट
रामपुर धान खरीदी केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी का शुभारंभ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया। इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र की सात ग्राम पंचायतों के 826 पंजीकृत किसानों को धान विक्रय की सुविधा मिल रही है। इनमें रामपुर, चिताबहार, सरईटिकारा, नावांबांध, पोड़ी, हरिहरपुर और परसोडी शामिल हैं।
‘तुंहर टोकन’ ऐप से घर बैठे मिल रहा टोकन
शासन की ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप सुविधा से किसान घर बैठे ही धान बिक्री के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इससे उन्हें टोकन कटवाने के लिए खरीदी केंद्र के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। किसानों का समय और मेहनत बचने के साथ ही खरीदी केंद्र में भी व्यवस्था सुचारु बनी हुई है। केंद्र में बारदाने की उपलब्धता और व्यवस्थित तौलाई की सुविधा भी दी जा रही है।
मोबाइल से टोकन लेकर 22 क्विंटल धान बेचने पहुंचे किसान
ग्राम रामपुर के किसान भुवनेश्वर राम राजवाड़े ने बताया कि उनके बेटे ने मोबाइल से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया। इसके बाद वे 22 क्विंटल धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि केंद्र में तौलाई और खरीदी की प्रक्रिया व्यवस्थित है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी होने से किसानों को आर्थिक मदद मिल रही है।
वहीं, ग्राम पोड़ी खुर्द के किसान इतबल राम ने अपने भतीजे के मोबाइल से 20 क्विंटल धान बिक्री का टोकन प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि केंद्र में बारदाने की उपलब्धता और तौलाई की व्यवस्था अच्छी है। दोनों किसानों ने ऑनलाइन टोकन सुविधा और धान खरीदी की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
रामपुर धान खरीदी केंद्र सात ग्राम पंचायतों के किसानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है। ऑनलाइन टोकन, बारदाने की उपलब्धता और व्यवस्थित तौलाई जैसी सुविधाओं से किसानों को धान बेचने में सहूलियत मिल रही है।