पंकज शर्मा की प्रतिमा का विजय शर्मा ने किया अनावरण
रायपुर, वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से खो-खो पारा स्थित पंकज गार्डन में उनकी प्रतिमा का अनावरण उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित पत्रकारिता, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।
समारोह में स्वर्गीय पंकज शर्मा के जीवन और पत्रकारिता यात्रा पर आधारित करीब एक घंटे की डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। इसमें उनके पत्रकारिता जीवन, देश-विदेश में किए गए कार्यों, लेखन शैली, संवाद क्षमता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को याद किया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व और पत्रकारिता के योगदान को करीब से जाना।
विजय शर्मा ने कहा कि पंकज शर्मा ने पत्रकारिता को केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और मिशन के रूप में निभाया। अपनी लेखनी और प्रतिभा के जरिए उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि पंकज शर्मा की स्मृति में प्रतिमा स्थापित करना केवल एक पत्रकार का सम्मान नहीं, बल्कि रायपुर की समृद्ध पत्रकारिता परंपरा का सम्मान भी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पंकज शर्मा रायपुर की उस पत्रकारिता परंपरा के प्रतिनिधि थे, जिसने अपनी प्रतिभा और लेखनी से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। विधायक सुनील सोनी और मोतीलाल साहू ने भी उनके पत्रकारिता योगदान को याद किया। वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने पंकज शर्मा की पत्रकारिता शैली, लेखन और उस दौर की पत्रकारिता में उनके प्रभाव पर विचार साझा किए।
विधायक अनुज शर्मा ने पंकज शर्मा की स्मृति को संस्थागत रूप देने के लिए कई प्रस्ताव रखे। इनमें पंकज उद्यान का नाम ‘पत्रकार पंकज शर्मा उद्यान’ करने, खो-खो पारा स्थित स्कूल का नाम उनके नाम पर करने और युवा पत्रकार राज्य अलंकरण की शुरुआत पंकज शर्मा के नाम से करने का प्रस्ताव शामिल है। उन्होंने पत्रकारिता विश्वविद्यालय की किसी प्रमुख इमारत का नाम भी पंकज शर्मा के नाम पर रखने का सुझाव दिया। मंच पर मौजूद अतिथियों ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया।
वक्ताओं ने कहा कि पंकज शर्मा ने अपने जीवनकाल में हिंदी पत्रकारिता को नई दिशा देने और देश-विदेश में भारतीय पत्रकारिता की पहचान मजबूत करने में योगदान दिया। उनकी स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम प्रतिमा अनावरण के साथ पत्रकारिता के मूल्यों और परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश भी देता है। कार्यक्रम का आयोजन रायपुर प्रेस क्लब, अखंड ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ और विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।