बाल विवाह रोकने 100 दिवसीय अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता रथ
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ रवाना, प्रदेश में अब तक 800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए
रायपुर, छत्तीसगढ़ को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने 100 दिवसीय जन-जागरण अभियान शुरू किया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़-जन-संवाद’ कार्यक्रम में ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सपनों की रक्षा करना परिवार और समाज की साझा जिम्मेदारी है।
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस और ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के दो वर्ष पूरे होने पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों के अधिकारों पर चर्चा हुई। बाल प्रहरियों ने अपने अनुभव साझा किए और बाल विवाह रोकने में साहसिक भूमिका निभाने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए
मंत्री राजवाड़े ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 10 मार्च 2024 को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान शुरू किया गया था। पंचायतों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्थानीय प्रशासन और समुदाय के सहयोग से गांव-गांव में जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सूचना मिलने पर अब तक 800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं। बच्चों की सहायता और सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 भी सक्रिय है।
उन्होंने जानकारी दी कि बालोद जिले की 436 ग्राम पंचायतों और 9 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाणपत्र दिया गया है। वहीं सूरजपुर जिले की 75 ग्राम पंचायतें भी बाल विवाह मुक्त घोषित की गई हैं। मंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नोनी सुरक्षा योजना और महतारी वंदन योजना जैसी पहल बेटियों और महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर दे रही हैं।
2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत का लक्ष्य
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 27 नवंबर 2024 को शुरू हुआ बाल विवाह मुक्त भारत अभियान बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार भी इस दिशा में लगातार काम कर रही है। वर्ष 2030 तक छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों से हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक धनंजय टिंगल, ओम प्रकाश पाल और छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने भी अपने विचार रखे। विधायक पुरंदर मिश्रा और उद्धेश्वरी पैकरा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।