छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग में 1.06 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 29 हजार रोजगार के अवसर बनने की संभावना
छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश को लेकर आयोजित इंडस्ट्री डायलॉग के तीसरे अध्याय में 1 लाख 6 हजार 567.8 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के करीब 150 उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 21 औद्योगिक परियोजनाओं में निवेश की प्रतिबद्धता जताई गई, जिनसे प्रदेश में लगभग 29 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
इस आयोजन में फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में निवेशकों की विशेष रुचि देखने को मिली। इन क्षेत्रों से जुड़ी 12 परियोजनाओं में 10,073.03 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे करीब 8 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। ये परियोजनाएं कुल प्रस्तावित परियोजनाओं का लगभग 57 प्रतिशत हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ उद्योग और व्यवसाय स्थापित करने के लिए अनुकूल राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है। सरकार उद्योगों की स्थापना से लेकर उत्पादन शुरू होने तक निवेशकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि नए औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ती रुचि से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
कार्यक्रम में केएलजे ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज, आरडीबी ग्रुप, लिबर्टी शूज, प्रासिल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और ऑगमेंट न्यूट्रिएंट्स सहित कई औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
नई औद्योगिक नीति से निवेश को मिल रहा बढ़ावा
राज्य सरकार की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत निवेशकों को उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है। वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से विभिन्न अनुमतियों की प्रक्रिया को ऑनलाइन और समयबद्ध बनाया गया है। इसके अलावा फार्मा, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे रोजगार आधारित क्षेत्रों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।
प्रदेश में औद्योगिक भूमि, बिजली, पानी और सड़क, रेल व हवाई कनेक्टिविटी की उपलब्धता को भी निवेश के लिए महत्वपूर्ण आधार बताया गया है। नई औद्योगिक नीति में आकांक्षी क्षेत्रों में उद्योग लगाने वाले निवेशकों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है, ताकि औद्योगिक विकास का लाभ राजधानी के साथ प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक भी पहुंचे।
सरकार का लक्ष्य निवेश प्रस्तावों को वास्तविक औद्योगिक परियोजनाओं में बदलना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है। इंडस्ट्री डायलॉग के इस आयोजन में सामने आए निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में फार्मा, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे नए क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं।