रायपुर में 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस शुरू, 33 जिलों के 8,456 बाल वैज्ञानिक दिखाएंगे प्रतिभा
छत्तीसगढ़ के बच्चों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का शुभारंभ पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में हुआ। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बाल वैज्ञानिक अपनी शोध परियोजनाओं और नए विचारों को प्रस्तुत करेंगे। इस वर्ष आयोजन का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रखा गया है।
उद्घाटन समारोह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति ओ.पी. व्यास, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल और छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर शामिल हुए। वक्ताओं ने बच्चों को जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और मौलिक सोच के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान करने के लिए प्रेरित किया।
ओ.पी. व्यास ने कहा कि विज्ञान और तकनीक में नए आविष्कारों की बुनियाद मौलिक विज्ञान है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में सवालों के जवाब पाना आसान हुआ है, लेकिन सही और सार्थक सवाल तैयार करना अधिक महत्वपूर्ण है। वहीं, कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल ने शिक्षकों से विद्यार्थियों की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करने और उन्हें नए प्रयोगों के अवसर देने की अपील की। प्रशांत कविश्वर ने बाल वैज्ञानिकों को अपनी शोध परियोजनाएं आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।
इस वर्ष प्रदेश के सभी 33 जिलों से 4,228 समूहों के कुल 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है। अक्टूबर और नवंबर में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं से चयनित प्रत्येक जिले के पांच बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय आयोजन में अपनी परियोजनाएं प्रस्तुत करेंगे। विषय विशेषज्ञ इन परियोजनाओं का मूल्यांकन करेंगे और चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (NCSTC) का प्रमुख कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, रचनात्मकता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद यह 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस है, जो प्रदेश के युवा वैज्ञानिकों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान कर रही है।