धनतेरस पर यूपी की सभी मंडियों में मनेगा दीपोत्सव, किसानों और व्यापारियों का होगा सम्मान
‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी’ अभियान के तहत 6 नवंबर को आयोजन, मंडियों को 10 से 20 हजार रुपये तक की राशि स्वीकृत
लखनऊ, उत्तर प्रदेश की सभी मंडियों में धनतेरस के अवसर पर दीपोत्सव मनाया जाएगा। मंडी परिषद की ओर से 6 नवंबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में स्वच्छता, जनभागीदारी और किसान कल्याण पर विशेष जोर रहेगा। ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी’ अभियान के तहत मंडियों को दीपों से सजाया जाएगा और स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले किसानों तथा बेहतर व्यापारिक व्यवहार करने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा।
मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रदेश की सभी मंडी समितियों को आयोजन के संबंध में निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, किसानों, व्यापारियों और मंडी समितियों के अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य मंडियों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के साथ स्वच्छता को नियमित कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना है।
किसान कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मिलेंगे चेक
दीपोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री कृषक कल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से धनराशि के चेक या प्रारूप चेक वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही मंडी परिषद की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक किसान इनका लाभ ले सकें।
स्वच्छता और बेहतर व्यापारिक व्यवहार करने वालों का सम्मान
मंडियों में स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों और समय पर भुगतान करने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए प्रशस्ति-पत्र और सम्मान सामग्री की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर की जा सकेगी। कार्यक्रम के दौरान मंडी समितियां अपने यहां हुए विकास कार्यों और ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी’ अभियान की उपलब्धियों की जानकारी भी साझा करेंगी।
मंडियों को मिलेगी 10 से 20 हजार रुपये तक की राशि
आयोजन के लिए प्रत्येक ‘क’ विशिष्ट और ‘क’ श्रेणी की मंडी को 20 हजार रुपये, जबकि अन्य मंडियों को 10 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इस राशि का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
नोडल अधिकारी करेंगे आयोजन की निगरानी
कार्यक्रम की निगरानी के लिए संबंधित संभाग के संभागीय उप निदेशक (प्रशासन/विपणन) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, उप निदेशक (निर्माण) आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। आयोजन के बाद सभी मंडी समितियों को कार्यक्रम की गतिविधियों और सम्मानित किसानों एवं व्यापारियों का विवरण मंडी परिषद मुख्यालय भेजना होगा।