सूरजपुर में 19.79 करोड़ से बनेगा उद्यानिकी महाविद्यालय, 150 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास भी बनेंगे
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मदनपुर में निर्माण कार्यों का किया शुभारंभ
सूरजपुर जिले के ग्राम मदनपुर में उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सिलफिली के मुख्य भवन और छात्रावासों का निर्माण शुरू हो गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विधिवत पूजन कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं पर कुल 19 करोड़ 79 लाख रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
महाविद्यालय भवन का निर्माण लगभग 13 करोड़ 76 लाख 86 हजार रुपये की लागत से होगा। इसके लिए 20 महीने की समय-सीमा तय की गई है। वहीं बालक और कन्या छात्रावासों के निर्माण पर करीब 6 करोड़ 2 लाख 30 हजार रुपये खर्च होंगे। दोनों छात्रावासों में 75-75 विद्यार्थियों के रहने की सुविधा होगी और निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि उद्यानिकी महाविद्यालय से विद्यार्थियों, किसानों और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपने आसपास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक तकनीक से जुड़ने का मौका मिलेगा।
महाविद्यालय में फल, सब्जी और फूलों की खेती, पौध उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन और आधुनिक बागवानी तकनीकों की पढ़ाई एवं अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा। इससे सूरजपुर, भटगांव और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही किसानों तक वैज्ञानिक खेती की जानकारी पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।