रायगढ़ में साइकिल रैली निकाल युवाओं ने दिया नशामुक्त भारत का संदेश
‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण पर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक
फिट इंडिया मूवमेंट के तहत रायगढ़ में रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ साइकिल रैली का आयोजन किया गया। अभियान के 100वें संस्करण पर आयोजित इस रैली में युवाओं ने फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नशामुक्त भारत का संदेश दिया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित रैली सुबह 8 बजे रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर से शुरू हुई। इसमें स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस और माय भारत के स्वयंसेवकों सहित नागरिकों ने हिस्सा लिया। रैली चक्रधर नगर चौक और सिग्नल चौक से होते हुए वापस रायगढ़ स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहने और परिवार तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही अपनी ऊर्जा को शिक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाने का संदेश दिया।
‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का उद्देश्य नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाना और लोगों को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की सहायक संचालक प्रतिमा सागर, सहायक क्रीड़ा अधिकारी जीवनलाल नायक सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि और अन्य अतिथि मौजूद रहे।