बीरगांव में 53 विकास कार्यों के लिए 4.94 करोड़ रुपये मंजूर
सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और तालाबों का होगा निर्माण, कई वार्डों को मिलेगी सुविधा
बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए 53 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इन कार्यों पर 4 करोड़ 94 लाख 4 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक मोतीलाल साहू के प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2026-27 के अधोसंरचना मद के तहत नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने स्वीकृति आदेश जारी किए हैं।
स्वीकृत राशि से नगर निगम के अलग-अलग वार्डों में सीसी रोड, नाली, सामुदायिक भवन, बाउंड्रीवॉल और तालाबों में पचरी व शेड का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन और जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होने के साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
वार्ड 5 में सड़क और नाली के चार कार्यों के लिए 52.09 लाख रुपये, वार्ड 9 में सात कार्यों के लिए 62.52 लाख रुपये और वार्ड 16 में सड़क-नाली निर्माण के चार कार्यों के लिए 52.67 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं वार्ड 18 में सड़क, नाली, शेड और पचरी निर्माण सहित 10 कार्यों के लिए सबसे अधिक 85.69 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इसके अलावा वार्ड 19 में सात कार्यों के लिए 56.16 लाख रुपये, वार्ड 8 में बंधवा तालाब अछोली में शेड, पचरी और सीसी रोड सहित चार कार्यों के लिए 31 लाख रुपये तथा वार्ड 14 में मुक्तिधाम की बाउंड्रीवॉल और शीतला तालाब में शेड निर्माण के लिए 24.80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अन्य वार्डों में भी सड़क, नाली और सामुदायिक भवनों से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
विभाग ने सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माण के दौरान शासन के तय नियमों और मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।