तमनार में 27 विकास कार्यों के लिए 3.81 करोड़ रुपये मंजूर
सड़क, नाली और पेयजल सुविधाओं का होगा विस्तार, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी स्वीकृति
रायगढ़ जिले के तमनार नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए 27 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इन कार्यों पर 3 करोड़ 81 लाख 53 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के अधोसंरचना मद से स्वीकृति आदेश जारी किए गए हैं।
स्वीकृत राशि से नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में बीटी सड़क, सीसी रोड, आरसीसी नाली, डोम शेड, बोर खनन और पंप स्थापना के कार्य कराए जाएंगे। इससे क्षेत्र में आवागमन, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
प्रमुख कार्यों में उमेश इलेक्ट्रॉनिक्स से खाल्हे पारा, गोहड़ी डीपा होते हुए केला पुल तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 86.80 लाख रुपये और इसी मार्ग पर आरसीसी नाली निर्माण के लिए 61.41 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विभिन्न वार्डों में बोर खनन और पंप स्थापना के लिए 45.24 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा वार्ड 4 में सीसी रोड, नाली और कांक्रीटीकरण के नौ कार्यों के लिए 71.42 लाख रुपये, वार्ड 8 में तीन सीसी रोड निर्माण कार्यों के लिए 33.52 लाख रुपये और वार्ड 15 में दो सीसी रोड के लिए 33.05 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इंदिरानगर में हनुमान मंदिर के पास डोम शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये भी मंजूर हुए हैं।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण के दौरान शासन के नियमों और तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।