राज्योत्सव के खाना खजाना जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद, मूंग बड़ा बना लोगों की पहली पसंद
पताल की चटपटी चटनी के साथ पारंपरिक मूंग बड़ा का ले रहे जायका, स्टॉल पर उमड़ रही लोगों की भीड़
रायपुर, नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव-2026 के खाना खजाना जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टॉल क्रमांक 12 ‘छत्तीसगढ़ी व्यंजन-जय जोहार जय छत्तीसगढ़’ पर पारंपरिक पकवानों का स्वाद लेने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। यहां खास तौर पर परोसे जा रहे मूंग बड़ा को लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
गर्मागर्म मूंग बड़ा के साथ परोसी जा रही पताल (टमाटर) की चटपटी चटनी इसके स्वाद को और खास बना रही है। पारंपरिक अंदाज में तैयार इस व्यंजन का जायका लेने के लिए लोग स्टॉल पर पहुंच रहे हैं और इसकी तारीफ कर रहे हैं।
उपरवारा निवासी प्रीतम पटेल, उमेश देवांगन और उर्मिला कुमारी ने भी स्टॉल पर पहुंचकर छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद लिया। उन्होंने कहा कि पताल की चटनी के साथ मूंग बड़ा का स्वाद बिल्कुल घर जैसा है। ऐसे स्टॉल छत्तीसगढ़ी खानपान और संस्कृति को बढ़ावा देने का अच्छा माध्यम हैं।
स्टॉल संचालक बलौदाबाजार निवासी नीरज चंद्राकर ने बताया कि यहां छत्तीसगढ़ी व्यंजन शुद्धता और पारंपरिक तरीके से तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में भी उनके द्वारा ठेठरी, खुरमी सहित अन्य पारंपरिक व्यंजनों की आपूर्ति की गई थी, जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया था।