बीजापुर के एकलव्य स्कूल में छात्राओं से दुर्व्यवहार की शिकायत पर CM साय सख्त
रायपुर, बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा और गरिमा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं शिकायत को दबाने या कार्रवाई में लापरवाही करने वालों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश
साय ने सभी जिलों में बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा है। कलेक्टरों को नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं और तय प्रोटोकॉल सही तरीके से लागू हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राओं के लिए ऐसा वातावरण बनाया जाए, जहां वे बिना डर के अपनी समस्याएं और शिकायतें सामने रख सकें। अधिकारियों को छात्राओं से नियमित संवाद करने और शिकायतों के समाधान की प्रभावी व्यवस्था बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण देना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संस्थान से जुड़े हर अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है। जरूरत पड़ने पर छात्राओं को काउंसलिंग और जरूरी सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियां सुरक्षित माहौल में पढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें, यही सरकार की प्राथमिकता है। बच्चों की सुरक्षा के मामले में लापरवाही करने वाले किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।