CTTA प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से की मुलाकात
विश्व पर्यटन दिवस कार्यक्रम के लिए किया आमंत्रित, पर्यटन विकास पर हुई चर्चा
रायपुर, छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया के मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ ट्रेवल एंड टूरिज्म एसोसिएशन (CTTA) के प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल से सौजन्य भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को 27 सितंबर को आयोजित होने वाले विश्व पर्यटन दिवस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। इस दौरान प्रदेश में पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार, प्रचार-प्रसार और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक और जनजातीय पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। बेहतर सुविधाओं, प्रभावी प्रचार-प्रसार और निजी क्षेत्र की सहभागिता से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश-विदेश के पर्यटकों के बीच और अधिक लोकप्रिय बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पर्यटन क्षेत्र से स्थानीय युवाओं, महिलाओं, कलाकारों, कारीगरों, होम-स्टे संचालकों और छोटे व्यवसायियों को भी आर्थिक अवसर मिल सकते हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संगठनों के बीच निरंतर संवाद और समन्वय से प्रदेश में पर्यटन विकास को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए विश्व पर्यटन दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया।