राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में दूसरे दिन भी रोमांच, बैडमिंटन में दुर्ग का दबदबा
अम्बिकापुर, राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 के दूसरे दिन विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रदेश के पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, सॉफ्ट टेनिस, फुटबॉल और बास्केटबॉल में शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों को देखने के लिए खेल मैदान में दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
बैडमिंटन के 19 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग संभाग प्रथम, रायपुर द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालक वर्ग में भी दुर्ग ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं 19 वर्ष बालिका वर्ग में बस्तर और 17 वर्ष बालिका वर्ग में दुर्ग संभाग ने बाजी मारी।
सॉफ्ट टेनिस में बिलासपुर और रायपुर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर रहा। 14 और 17 वर्ष बालक वर्ग के साथ 19 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग के तीनों आयु वर्गों में रायपुर संभाग ने पहला स्थान हासिल किया।
फुटबॉल के 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर संभाग विजेता रहा, जबकि सरगुजा दूसरे और दुर्ग तीसरे स्थान पर रहा। बास्केटबॉल के 17 वर्ष और 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर संभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सरगुजा और बिलासपुर ने भी इन मुकाबलों में पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी खिलाड़ियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रख रहे हैं। आयोजन स्थल पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ खिलाड़ियों की आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। दूसरे दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और टीमवर्क का परिचय दिया। आगामी मुकाबलों को लेकर भी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।