बारिश थमते ही धमतरी में सड़क निर्माण कार्यों ने पकड़ी रफ्तार
मानसून की विदाई के साथ ही धमतरी जिले में सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी आई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा बारिश के कारण प्रभावित कार्यों को गति दी जा रही है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इसी क्रम में राजनांदगांव–गुंडरदेही राज्य मार्ग पर डामरीकरण का कार्य जारी है। वहीं, कोलियारी–खरेंगा–दोनर–जोरातराई मार्ग के निर्माण कार्यों में भी प्रगति हो रही है। इन मार्गों के बेहतर होने से क्षेत्र में आवागमन को सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने दोनों मार्गों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को तकनीकी मानकों के अनुरूप काम करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए।
विभाग ने सड़क निर्माण में डामरीकरण की गुणवत्ता, टिकाऊपन और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। साथ ही, निर्माण स्थलों पर यातायात व्यवस्था और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। इन कार्यों की नियमित निगरानी के जरिए जिले की सड़क अधोसंरचना को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।