लक्ष्मी राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण, बच्चों के पोषण पर दिया जोर
बस्तर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दरभा विकासखंड के ग्राम कोटमसर स्थित पेदावाड़ा मांझीपाल आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बच्चों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को सुरक्षित और स्नेहपूर्ण वातावरण मिलना चाहिए। साथ ही, उनकी जरूरतों के अनुसार सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि बच्चों के समुचित विकास को बढ़ावा मिल सके।
मंत्री ने केंद्र की व्यवस्थाओं में बच्चों की जरूरतों को प्राथमिकता देने और नियमित निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक देखभाल की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए यहां संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।