दिवंगत आरक्षक के परिवार को मिला 1.08 करोड़ का बीमा चेक, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सौंपी राशि
रायपुर, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि प्रदान की गई है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में उनकी पत्नी प्रीति देवी को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत चेक सौंपा।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी अपने को खोने की भरपाई नहीं की जा सकती, लेकिन कठिन समय में आर्थिक सुरक्षा परिवार को आगे बढ़ने का सहारा देती है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं, इसलिए उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
उन्होंने बैंक अधिकारियों को बीमा राशि के सुरक्षित निवेश और वित्तीय प्रबंधन के संबंध में परिवार को मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से कहा कि दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली शेष सहायता और अन्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं।
जानकारी के अनुसार, सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी कबीरधाम के कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक सेवाएं दी थीं। 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज योजना के तहत उनकी पत्नी और नामिनी प्रीति देवी को बीमा राशि प्रदान की गई। वहीं, उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी दी जा चुकी है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिसकर्मियों के साथ अब नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले जवानों और उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
बैंक ऑफ बड़ौदा अब तक पांच पुलिसकर्मियों के परिवारों को सैलरी पैकेज के तहत बीमा सहायता प्रदान कर चुका है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, विवेकानंद सिन्हा, 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल और बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।