मशरूम उत्पादन से आत्मनिर्भर बनीं बस्तर की कौशल्या सेठिया, 700 पैकेट तक पहुंचा कारोबार
रायपुर, 18 नवंबर 2026। बस्तर जिले की ग्रामीण महिला कौशल्या सेठिया ने मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का आधार बनाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। बिहान योजना और महिला स्व-सहायता समूह के सहयोग से उन्होंने घर से छोटे स्तर पर शुरू किए गए काम को सफल उद्यम में बदल दिया है। आज उनका मशरूम उत्पादन बढ़कर 700 पैकेट तक पहुंच गया है और उनके उत्पाद बस्तर के साथ आसपास के जिलों के बाजारों में भी बिक रहे हैं।
जनपद पंचायत बास्तानार की ग्राम पंचायत कोड़ेनार निवासी कौशल्या सेठिया वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह से जुड़ी हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से मशरूम उत्पादन का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिला। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2024 में अपने घर से ही मशरूम उत्पादन का काम शुरू किया।
शुरुआत में उनके पास संसाधन सीमित थे, लेकिन स्व-सहायता समूह और बिहान योजना से मिले सहयोग ने उनके काम को आगे बढ़ाने में मदद की। समूह के माध्यम से सामुदायिक निवेश निधि और बैंक लिंकेज का लाभ मिला। इसके अलावा वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से एक लाख रुपये का स्वयं सिद्धा ऋण लेकर उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार किया।
कौशल्या के अनुसार, मशरूम के एक पैकेट की लागत करीब 150 रुपये आती है, जबकि उत्पाद की बिक्री लगभग 400 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से होती है। उनके ताजे मशरूम की मांग स्थानीय बाजारों में बढ़ रही है। वे बास्तानार और जगदलपुर के अलावा पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले के बाजारों में भी अपने उत्पाद बेच रही हैं।
घर से शुरू हुआ उनका यह छोटा कारोबार अब परिवार की आमदनी का महत्वपूर्ण जरिया बन गया है। उनकी मेहनत और सफलता को देखकर गांव की अन्य महिलाएं भी मशरूम उत्पादन और स्वरोजगार की गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रही हैं। कौशल्या सेठिया की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता और स्व-सहायता समूहों की भूमिका को भी सामने लाती है।