गन्ने का भाव 425 रुपये क्विंटल होने पर किसानों में खुशी
बोड़ला में किसानों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को गन्ना भेंटकर जताया आभार
किसानों ने कहा, बेहतर मूल्य से खेती को मिलेगा प्रोत्साहन
रायपुर, गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल होने पर कबीरधाम जिले के गन्ना उत्पादक किसानों में खुशी का माहौल है। बोड़ला सर्किट हाउस में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों और क्षेत्र के किसानों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का गन्ना भेंटकर स्वागत किया। किसानों ने गन्ने का बेहतर मूल्य निर्धारित किए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।
किसानों का कहना है कि गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल होने से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। इससे खेती की लागत की भरपाई करने और आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है। बेहतर मूल्य मिलने से गन्ने की खेती के प्रति किसानों का उत्साह भी बढ़ेगा।
किसान हितैषी फैसले पर जताई खुशी
किसानों ने कहा कि कृषि उपज का उचित मूल्य मिलना किसानों के हित में महत्वपूर्ण है। गन्ने का बेहतर भाव मिलने से उत्पादकों को अपनी मेहनत का उचित प्रतिफल मिलने की उम्मीद है। उन्होंने इसे गन्ना उत्पादक किसानों के लिए राहत और प्रोत्साहन देने वाला निर्णय बताया।
किसान संघ के पदाधिकारियों ने किया स्वागत
बोड़ला सर्किट हाउस में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ कवर्धा के जिला उपाध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष पंकज वर्मा सहित किसान विनोद वर्मा, महेश वर्मा, टीकाराम साहू, तुलश धुर्वे, प्रदुम्न वर्मा और रामफल वर्मा मौजूद रहे। सभी ने उप मुख्यमंत्री को गन्ना भेंटकर स्वागत किया और किसानों के हित में लिए गए निर्णय पर बधाई दी।