बेमेतरा जिले में सिंचाई विकास को रफ्तार: विभिन्न योजनाओं के लिए 28.49 करोड़ रुपये मंजूर
रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने बेमेतरा जिले में कृषि और सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। जिले में विभिन्न सिंचाई योजनाओं के निर्माण, विस्तारीकरण और जीर्णोद्धार कार्यों के लिए कुल 28 करोड़ 49 लाख 81 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी की बेहतर सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
प्रमुख स्वीकृत सिंचाई योजनाएं और लाभ
जल संसाधन विभाग द्वारा मंजूर की गई प्रमुख परियोजनाएं इस प्रकार हैं:
- दनिया उद्वहन सिंचाई योजना (विस्तारीकरण): योजना के तहत 3 करोड़ 64 लाख 92 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 254 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
- धनेली जलाशय (शीर्ष कार्य, मुरमीकरण, रिमाडलिंग एवं लाइनिंग): इस कार्य के लिए 4 करोड़ 92 लाख 92 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे 65 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होगा।
- हरदी भिभौरी जलाशय (जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग): इस योजना के लिए 4 करोड़ 97 लाख 65 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 344 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का लाभ मिलेगा।
- छिरहा एनीकट निर्माण कार्य: इस महत्वपूर्ण निर्माण के लिए 4 करोड़ 98 लाख 57 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 50 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
- टेगना व्यपवर्तन (जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग): योजना के जीर्णोद्धार कार्यों हेतु 4 करोड़ 98 लाख 29 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे 150 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा।
- टेमरी उद्वहन सिंचाई योजना (मरम्मत, रिमाडलिंग एवं लाइनिंग): मुख्य नहर और 5 माइनरों के कार्यों के लिए 4 करोड़ 97 लाख 46 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 473 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी।
इन सभी योजनाओं के धरातल पर उतरने से बेमेतरा जिले के ग्रामीण अंचलों में जल संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को खेती-किसानी में सुगमता होगी।