राज्यपाल रमेन डेका से मिले छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट खिलाड़ी
रायपुर, छत्तीसगढ़ के विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों ने सोमवार को लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। खिलाड़ी छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष किशोर महानंद के साथ राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे।
इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने और प्रदेश के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल से मुलाकात करने वालों में अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर प्रदीप क्षत्री और लखपति सिंदूर, वेटलिफ्टर कैलाश सिक्का तथा बास्केटबॉल खिलाड़ी सौपी सिक्का शामिल रहे। इसके अलावा थाई बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक विजेता मानसी तांडी, सॉफ्टबॉल खिलाड़ी गंगा सोना और प्रतिमा सोना ने भी मुलाकात की।
इसी क्रम में फुटबॉल खिलाड़ी बोस्टो तांडी और राजेश महानंद, कराटे खिलाड़ी लक्षिता तांडी, किक बॉक्सिंग खिलाड़ी रीयाशा बाघ तथा पावरलिफ्टर प्रिया हरपाल भी उपस्थित रहीं। ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन-5’ के विजेता रितेश पाल ने भी राज्यपाल से सौजन्य भेंट की।
राज्यपाल रमेन डेका ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।