पद्मश्री पंडीराम मंडावी ने 12 अबूझमाड़िया युवाओं को सिखाया काष्ठ शिल्प, मुख्यमंत्री साय ने की सराहना
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान पंडीराम मंडावी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और काष्ठ शिल्प के संरक्षण तथा इस कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के उनके प्रयासों की सराहना की।
नारायणपुर निवासी पंडीराम मंडावी ने महज 15 वर्ष की उम्र में लकड़ी पर आकृतियां उकेरने की शुरुआत की थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन इस पारंपरिक कला को समर्पित कर दिया। उनकी कलाकृतियों में बस्तर के जनजातीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई देती है। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है।
मुलाकात के दौरान मंडावी ने बताया कि अबूझमाड़ प्रवास के समय मुख्यमंत्री ने उनसे स्थानीय युवाओं को काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण देने का आग्रह किया था। इसके बाद उन्होंने 12 अबूझमाड़िया युवाओं को प्रशिक्षण देकर इस कला से जोड़ा। उनका कहना है कि पारंपरिक कला को जीवित रखने के लिए जरूरी है कि उसका ज्ञान और हुनर नई पीढ़ी तक पहुंचे।
उन्होंने बस्तर के दूरस्थ गांवों में बढ़ती सुविधाओं का भी उल्लेख किया। मंडावी के अनुसार, अब सड़क, अस्पताल, धान खरीदी केंद्र और बस सेवा जैसी सुविधाएं पहले की तुलना में अधिक सुलभ हुई हैं। पहले दूरस्थ गांवों तक पहुंचने के लिए लोगों को लंबी दूरी साइकिल से तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब बस सेवा शुरू होने से आवागमन आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय युवाओं को अपनी पारंपरिक कला और सांस्कृतिक पहचान आगे बढ़ाने के नए अवसर मिल रहे हैं।