टिन के पीपे से शुरू हुआ संगीत का सफर, पद्मश्री मदन सिंह चौहान से मुख्यमंत्री साय ने की मुलाकात
रायपुर, 18 नवंबर 2026। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद संगीत के प्रति लगन ने पद्मश्री मदन सिंह चौहान को एक अलग पहचान दिलाई है। कभी रियाज के लिए वाद्य यंत्र नहीं मिला तो उन्होंने टिन के पीपे को ही ढोलक बनाकर संगीत का अभ्यास शुरू किया। ढोलक से तबले तक और फिर सूफी गायकी के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी इसी संगीत साधना और संघर्ष की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सराहना की।
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय ने पद्मश्री मदन सिंह चौहान से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संगीत के प्रति उनके समर्पण और कला के क्षेत्र में दिए गए योगदान की प्रशंसा की।
मदन सिंह चौहान ने सीमित संसाधनों के बीच अपनी संगीत यात्रा शुरू की थी। शुरुआत में टिन के पीपे को ढोलक बनाकर अभ्यास किया और धीरे-धीरे संगीत की बारीकियां सीखीं। उन्होंने करीब 30 वर्षों तक तबला वादन किया। इसके बाद गजल और सूफी गायकी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लोग उन्हें स्नेह से ‘गुरुजी’ के नाम से भी जानते हैं।
कला और संगीत के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया है। उनकी यात्रा संघर्ष, निरंतर अभ्यास और संगीत के प्रति समर्पण की मिसाल है।