पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश
रायपुर, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष आर.एस. विश्वकर्मा ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य पिछड़ा वर्ग सहित सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। साथ ही शिक्षा, रोजगार, कृषि और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित बैठक में विश्वकर्मा ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं बरतने और जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों की आय बढ़ाने के लिए दलहन और तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने तथा ऑयल पाम की खेती को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। इसके अलावा आम, जामुन, लीची, पपीता और केला जैसी उद्यानिकी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने डेयरी, पशुपालन और मत्स्य पालन को ग्रामीण परिवारों की अतिरिक्त आय का माध्यम बनाने की बात कही। वहीं लघु वनोपज के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और लाख की खेती को भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। अध्यक्ष ने प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रावासों की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, छात्रावासों और आश्रमों में आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य, पेयजल और पोषण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल सुविधाओं का विस्तार, कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने और पात्र हितग्राहियों तक पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र परिवारों को लाभान्वित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए औद्योगिक गतिविधियों और स्वरोजगार योजनाओं को प्रोत्साहित करने की बात कही गई। विश्वकर्मा ने अनुदान एवं ऋण आधारित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जिले के सभी गांवों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए चल रहे सर्वेक्षण की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों की ऑनलाइन प्रविष्टि में तेजी लाने और पोर्टल पर सही एवं पूर्ण जानकारी निर्धारित समय-सीमा में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के आंकड़े पिछड़ा वर्ग की वास्तविक स्थिति समझने और उनके लिए जरूरत के अनुसार योजनाएं तैयार करने में सहायक होंगे।
बैठक में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले की भौगोलिक स्थिति और विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान आयोग के सदस्य यशवंत सिंह वर्मा, निलांबर नायक, बल्दाऊ राम साहू और हरिशंकर यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।