ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा, कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न
मंत्री राजेश अग्रवाल ने खुटिया में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, विजेता और उपविजेता टीमों को किया सम्मानित
रायपुर, सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खुटिया में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। समापन समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाकर प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति, एकता और सामूहिक शक्ति के प्रतीक हैं। खेलों से अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। इसके साथ ही शारीरिक और मानसिक विकास के साथ समाज में भाईचारा और आपसी सद्भाव भी मजबूत होता है। ग्रामीण स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताएं युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देती हैं।
उन्होंने सरगुजा ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। सरगुजा के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं से खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा से क्षेत्र तथा प्रदेश का नाम रोशन करने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और पारंपरिक खेलों के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के अनुकूल माहौल बनने से नई पीढ़ी अपनी परंपराओं और संस्कृति से भी जुड़ी रहेगी।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया। मुकाबलों ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मंत्री अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता, निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प है।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए ग्राम पंचायत खुटिया, आयोजन समिति और सहयोगकर्ताओं की सराहना की। समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, युवा खिलाड़ी, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।