सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने पर NCDC की 93वीं बैठक में हुई चर्चा
मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का किया प्रतिनिधित्व, सहकारी समितियों और किसानों से जुड़े मुद्दों को रखा
रायपुर, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) की महापरिषद की 93वीं बैठक नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान देश में सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने और सहकारी संस्थाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में अपने विचार रखते हुए शशिकांत द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम की स्थापना वर्ष 1963 में हुई थी। पिछले पांच वर्षों में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में निगम ने कई नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने सहकारिता क्षेत्र में हुए बदलावों और संस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
द्विवेदी ने छत्तीसगढ़ में सहकारिता के माध्यम से किसानों को मजबूत बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने और सहकारी समितियों की क्षमता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं एवं पहलों की जानकारी भी साझा की।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य सहकार से समृद्धि के विजन को आगे बढ़ाना तथा सहकारी संस्थाओं की वित्तीय और बुनियादी ढांचागत क्षमता को सुदृढ़ करना रहा। इसमें देशभर के सहकारी क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में हुई चर्चा से सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और मजबूत बनाने की दिशा में आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।