धरमजयगढ़ में कल मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, CM होंगे शामिल
रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन शामिल होंगे। आयोजन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को याद करने के साथ छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
कार्यक्रम में वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु के योगदान को भी याद किया जाएगा। इस दौरान जनजातीय समाज के उत्थान के लिए चलाई जा रही आवास, शिक्षा, महिला कल्याण और वन अधिकार से जुड़ी योजनाओं की उपलब्धियां साझा की जाएंगी।
प्रदेश में महतारी वंदन योजना से 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। वहीं, धरती आबा अभियान के माध्यम से 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों और पीएम-जनमन योजना के तहत 1,544 गांवों के 56,569 परिवारों को लाभ पहुंचा है।
शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के 75 एकलव्य और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों में 34 हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। पिछले दो वर्षों में 90,942 विद्यार्थियों को 124.79 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। इसके अलावा, नई दिल्ली स्थित जनजातीय युवा छात्रावास की क्षमता भी 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है।
वन अधिकारों के तहत प्रदेश में 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, 46,868 सामुदायिक वन अधिकार पत्र और 4,412 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र वितरित किए गए हैं। वहीं, जनजातीय विरासत के संरक्षण के लिए नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और डिजिटल संग्रहालय विकसित किया गया है। इस आयोजन के जरिए जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और उनके विकास के प्रयासों को सामने रखा जाएगा।