कर्नाटक में फंसे छत्तीसगढ़ के 25 श्रमिकों का रेस्क्यू, बकाया मजदूरी भी मिली
बेलगावी में गन्ना कटाई के बाद नहीं हुआ था भुगतान, प्रशासन ने सभी को सुरक्षित घर पहुंचाया
कर्नाटक के बेलगावी जिले में मजदूरी का भुगतान नहीं होने के कारण फंसे छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के 25 श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला प्रशासन की पहल पर श्रमिकों को उनकी बकाया मजदूरी के 42 हजार 960 रुपये भी दिलाए गए।
जानकारी के अनुसार, मोहला थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ के 21 और महाराष्ट्र के 4 श्रमिक गन्ना कटाई के काम के लिए कर्नाटक के बेलगावी जिले के कित्तूर तालुका गए थे। काम पूरा होने के बाद भी मजदूरी नहीं मिलने से वे वहां फंस गए थे। इसकी जानकारी मिलने पर कलेक्टर तनुजा सलाम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
श्रमिकों की मदद के लिए राजस्व, श्रम और पुलिस विभाग के अधिकारियों की विशेष टीम कर्नाटक भेजी गई। टीम ने 27 नवंबर को बेलगावी जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कित्तूर तालुका के ग्राम शिवनूर में सभी 25 श्रमिकों को सुरक्षित निकाला। इसके बाद संबंधित खेत मालिक से बकाया मजदूरी का पूरा भुगतान भी कराया गया।
सभी श्रमिकों के मोहला लौटने पर अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे ने उनका स्वागत किया और हालचाल जाना। जिला प्रशासन ने श्रमिकों को उनके गृह ग्राम तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की। श्रमिकों ने सुरक्षित वापसी और बकाया मजदूरी दिलाने के लिए प्रशासन का आभार जताया।